21
अभिव्यक्ति की परेशानी
********************
कल ही देखा था जादूगर
जो छाती पर मुक्के मार मार
अजीब सी ध्वनियों के साथ
मुंह से लगातार लोहे के गोले निकालता रहा
पिटवाता रहा दर्शकों से तालियां
भीतर की चीज बाहर आने में कितनी दिक्कत देती है
मैं, जो कह रहा वह
वह नहीं जो भीतर गूंज रहा
जब – जब भी पकड़ता उसे
शब्द छोटे पड़ जाते
मैं वह ताकत भरना चाहता
जो वटवृक्ष ने अपने छोटे से बीज में भर दी
शब्दों के बीज आकुल है अंकुराने के लिए
मैं परेशान हूं अभिव्यक्ति के लिए !
मैं प्यार लिखता हूं
और लोग अपने मतलब का प्यार पढ़ते हैं
जब कहता —-
हिन्दुस्तान या विश्व
तो लोगों की नजरें
ग्लोब पर उठ जाती
या अधिक हुआ तो वे
थोड़ा बहुत —-
सभ्यता – संस्कृति पर सोचने लगते
किन्तु हिन्दुस्तान या विश्व
भूगोल या इतिहास ही तो नहीं
आकाश शब्द सुनते ही लोग
ऊपर ताकने लगते जब कि वह
हर खालीपन में समाया है
जब याद करता तुम्हें तो वह
कविता में नाम भर होकर रह जाता
तुम्हारी वेणी का एक भी फूल
दिखाई नहीं देता उसमें और
न आती है उसमें — तुम्हारी कमल -गंध
ऐसे में बातों की बाहें
शब्दों के हाथों थमानी
बड़ी मुश्किल है मेरे लिए
मैं परेशान हूं अभिव्यक्ति के लिए !!
( श्री प्रेमशंकर रघुवंशी जी के कविता संग्रह —- ” आकार लेती यात्राएं ” से उद्धृत )
आज वर्तमान में शब्दों की अर्थ क्षमता घट गई है । शब्दों के भीतर अर्थ पूर्ण विचार खत्म हो गये ।शब्द केवल अभिधा में ही ग्रहण किये जा रहें हैं ।उनकी लक्षणा ,और व्यंजनात्मक शक्तियों का हृास हुआ है ।शब्दों का अस्तित्व बौना हो गया है और उनकी अर्थवत्ता संकीर्ण हो चुकी है । अब शब्द बहुत दूर तक अपने अर्थ को विस्तीर्ण नहीं कर पाते ।भाषा का ज्ञान आदमी का कमजोर हुआ और इसलिए समाज में व्याप्त शाब्दिक कोलाहल ज्यादा बढ़ गया है ।यदि यह कहा जाये कि शब्दों का बहुत ज्यादा प्रयोग करने के कारण शब्दों की वास्तविक शक्ति , अर्थ सत्ता नष्ट हुई और शब्दों की वह वैचारिक सत्ता वैसी असर कारक नहीं रहीं जैसी कि वह अपनी अभिधा की अर्थ व्याप्ति छोड़कर लक्षणा या व्यंजना का हाथ थाम लेता था और ना ना अर्थ धारण कर लेता था । शब्दों का अर्थ विस्तार घट गया इसलिए कुछ भी कहना या विचार व्यक्त करना एक तरह का मति भ्रम ही फैलाया जा रहा है । शब्दों की जादूगिरी दिखाई जा रही है । शब्दों से कलाबाजी दिखाई जा रही है । शब्दों से हिंसा का रचाव किया जा रहा है । शब्द अब हिंसक हो गये हैं । इसलिए कुछ भी विचार व्यक्त करने पर उन्हें तोड़ा मरोड़ा जा रहा है ।वे अब औजार का काम कर रहें हैं ।अब शब्द प्रेम ,प्यार और लगाव की सम्पन्नता खो चुके हैं ।अब शब्दों में वटवृक्ष की तरह का अर्थ फैलाव नहीं रहा ।जब प्यार लिखा जाता है तो वहां खुदगर्जी,स्वार्थ के मायने निकाले जाते हैं । शब्दों में मनोविकार और मनोविकृति रच दी गयी वे वैसे आशय के जरिए नहीं रहे ।उनके भीतर स्वार्थ ,लोभ , लालसा ,कामना के बीज बो दिए गये हैं । शब्दों के वास्तविक अर्थ को बाधित कर दिया गया है और उन्हें एक नये स्वार्थ , खुदगर्जी के मायनों से भर दिया गया है । इसलिए वे सहज अभिव्यक्ति के साधन नहीं रहे ।उनमें दुरुहता और अर्थ की अस्पष्टता समा चुकी है । शब्दों का इस्तेमाल जन लोक अपने स्वार्थ जनित लाभों के लिए ज्यादा करने लगा इसलिए शब्दों की अर्थ अस्मिता बेअसर हो गयी ।अब हिन्दुस्तान या विश्व कहने पर हमें नक्शे और,एटलस और ग्लोब दिखने लगे वहां अवाम की भावनाएं और चेतना ,नागरिक बोध नहीं दिखाई देता । मनुष्य से जुड़ी समस्याएं और संकट ,संघर्ष ,कठिनाई नहीं दिखलाई देती ।हम सिर्फ भूगोल और इतिहास तक ही सिमट गये हैं ।प्रेमिका का स्मरण केवल नाम भर होकर रह गया उसमें वह प्रेमानुभूति नहीं होती । इसलिए अभिव्यक्ति की परेशानी हो गई है ।शब्दों का वह निखरा – सुथरा संसार अपनी अर्थवत्ता खो चुका है ।यही अर्थवत्ता हीन शब्दों के कारण अभिव्यक्ति में दिक्कत आ रही है ।किस शब्द को किस अर्थ में ध्वनित कर लिया जाये यह शब्द सत्ता के साथ खेल खेला जाने लगे ।यह वर्तमान की दुर्बोधता का कमाल है ।यह भीतर समाये अर्थ के साथ चलता कुचक्र है ।जिसके कारण निखरी ,निष्कपट अभिव्यक्ति भी सहज नहीं वरन दुष्चक्री हो चुकी है । शब्दों की खरी अर्थ आत्मा के , विचारों के अर्थ दूषित हो चुके हैं । इसलिए विचार ,चेतना , संवेदना सब को अभिव्यक्त करना बहुत ही टेड़ा हो गया है ।मुहावरे और लोकोक्तियां भी भ्रामक अर्थ वत्ता के चंगुल में जा फंसी है ।यह समय बहुत कठिन समय है वैचारिक घालमेल है । शब्द वहीं नहीं रहे उनके अर्थ भी वही नहीं रहे ।भाषा बिगड़ चुकी है ।यह समय यह काल भ्रष्ट भाषा काल है । इसलिए अभिव्यक्ति भी दुर्बोध हो गयी है ।भाषा का नंगा पन और चीर हरण का काल है ।सामाजिक सभ्यता और संस्कृति की खुले आम उपेक्षा , अश्लील भाषा संस्कार सभ्यता और संस्कृति की धज्जियां उतार रहे हैं ।यह समय भाषाई नग्नता का काल है । इसलिए भी अभिव्यक्ति करना दिक्कत भरा है । अभिव्यक्ति करना ही जोखिम भरा है ।शब्दों के अर्थ राजनैतिक सत्ता ने अपने नियंत्रण में ले लिए हैं ।सत्ता शब्दों के अर्थ अपने मुताबिक गढ़ रही है । शब्दों को प्रयोग करना सत्ता से संघर्ष करने जैसा ही है । वैचारिक अभिव्यक्ति सत्ता पर सीधा प्रहार और हमला माना जाता है । इसलिए विचार पूर्ण शब्दों को खतरनाक माना जाता है ।यह समय अभिव्यक्ति की परेशानी का समय है ।अवाम को गूंगा ,बहरा , और विक्षिप्त बनकर ही रहना होगा । विचार हीन दर्शक तालियां बजाने वाला तमाशा देख कर नाचने वाला ,उछलने – कूदने वाला मंकी ।
विनीता रघुवंशी
