31
शब्दों और विचारों की जिन्दगी तक
******************************
वह आदमी जो खूब बोल रहा है
सिर्फ कुर्ता पहने है
उसका जीवित होना — हाथ पांव के
नाखूनों तक जाकर खत्म हो जाता है –पर
जारी रहता है उसका बोलना
अपने हर अंश से
अभिव्यक्ति की सार्थक कोशिश में
( उस समय उसके तमाम शब्द
सिवाय तरंगों के कुछ नहीं होते )
जोरों से हवा में इधर – उधर
फरफराती हैं –आहें , आकांक्षाएं ,और स्वप्न
किसी छत पर सूखने डले कपड़ों की तरह
वाग्जाल उसे कहीं से भी
शब्दाशयी नहीं बना पाता
बारिश से भींगता पठार
सचमुच जिन्दा पठार होता है
बेअसर मुर्दा शब्दों से बेहतर होता है
अनबोला असरदार शब्द
मैंने देखे हैं कि शब्द
मंदिरों की घण्टियों के इशारों पर
प्रसाद जैसे — जीभ पर पसर कर
श्रध्दा के साथ घुलते रहते हैं
किन्हीं इशारों पर अर्थ ढोने वाले शब्द
स्पार्टाकस न होकर गुलाम होते हैं — और
विचार जो शब्दों का साथ छोड़ देते हैं
सिर्फ लीदते रहते हैं
मस्तिष्क एक स्नायु तंत्र है
या ग्रंथि समूह भर है
जब यह विचारों से भर जाता है — तो
कितने ही ब्रह्मण्डों को जन्माता हुआ
निर्द्वन्द्व गति बन जाता है
उस गति में
शब्द ही थामते हैं उसका हाथ
संतुलन देते हुए
शब्द और विचार या विचार और शब्द
अलग – अलग रहकर दो मृत्युलोक हो जाते हैं
और एकाकार होकर जन्मते हैं जिसे –वह मैं हूं
मुझे मुर्दा मत बनाओ
मैं एक जीवित पुरुष हूं — और
वहीं बना रहना चाहता हूं
शब्दों और विचारों की जिन्दगी तक
ता उम्र – – – – – – !!
( श्री प्रेमशंकर रघुवंशी जी के कविता संग्रह —- ” आकार लेती यात्राएं ” से उद्धृत )
यह कविता आज भी प्रासंगिक हैं ।आज समूचे विश्व में शब्द बोले जा रहे हैं ।भाषण दिये जा रहे हैं । तकरीरें की जा रही है ।बहसें हो रही हैं ।शब्द हवा में उछालते जा रहे हैं लेकिन अर्थ से वे कोसों दूर है ।उनमें से प्रेरणा ,जोश ,और उत्साह ,उमंग खतम हो चुकी है ।वे स्वप्न हीन शब्द हैं ।वे आकांक्षा से रिक्त शब्द हैं । उनमें किसी की पीड़ा का बयान नहीं है ।वे बस हवा में तैर रहे निरर्थक शब्द हैं ।वे वक्ता के विचार विहीन शब्द हैं जो वक्ता की देह के उवाच हैं।उनमें वक्ता की आत्मानुभूति नहीं वरन स्वार्थ भाव से उपजे शब्द भर हैं । शब्दों का जीवन क्षण भंगुर है जब तक उनमें अर्थ की चेतना का संचरण न हो ।शब्द तब तक मृत हैं जब तक उनमें वैचारिक संतुलन न हो । शब्द तब तक ही चिरजीवी होते हैं जब उनमें विचारो के आशय भरे हों ।विचार ही शब्दों को अमृत देते हैं ।यह वैचारिक अमरता ही शब्दों का वास्तविक कलेवर होती है ।विचार विहीन शब्द चाहे जितने भव्य मंच , भव्य पोशाक और वेशभूषा से सुसज्जित होकर बोला जाये लेकिन वे शब्द मृत ही हैं ।वे प्रेरणा हीन केवल निरर्थक शब्द हैं । इसलिए शब्दों को भव्यता नहीं वरन आत्मिक यथार्थ की जमीन चाहिए होती है ।उनमें अनुभूति का ,अहसास का पुट गहरा होना चाहिए तब ही वे जीवनी शक्ति से भरे होते हैं । केवल लकदक वस्त्र और चेतना विहीन शब्द कोई मायने नहीं रखते ।शब्द चैतन्य ही तब होता है जब उसमें करुणा ,संवेदना ,चेतना ,सत्य ,न्याय और कथनी – करनी की अभिभूत कर देने वाली सामर्थ्य का भाव हों ।भाव हीन शब्द केवल मृत्यु लोक भर होते हैं ।शब्द यदि सत्ता या प्रचार माध्यमों के संकेत पर अपना अर्थ संसार व्यंजित करते हैं तो वे केवल ध्वनियां होती हैं ।उनका कोई आशय या मतलब नहीं होता । मन्दिरों के इशारों पर प्रसरित होते शब्द एक संकेत है नफरत का , सौहार्द्र बिखरने का ,सामाजिक संबंधों में आती खटास का जो प्रसाद की तरह बांटे जा रहे हैं ।जहां ज़हालत अपना नियंत्रण जमाये बैठी है ।यह घृणा जो मन्दिरों के दालानो , मण्डपो से नशे ,अफीम ,भांग ,गांजा की तरह भक्तों में ,युवाओं में उकसाई जा रही है वह चिन्ता जनक है ।उसमें कोई वैचारिक चिन्तन नहीं है वह केवल समाज के बिखराव का , परिवारों को बर्बाद करने का और उनकी बौध्दिक संपदा को नष्ट करने का माध्यम है । चिन्तन से रिक्त शब्द कालजयी नहीं होते वे तब तक ही जीवित रहते हैं जब तक वक्ता मंच पर आसीन होता है ।वक्ता के मंच से उतरते ही शब्द भी निरर्थक हो जाते हैं ।विचार से व्यक्ति का जन्म होता है ।विचार से ब्रह्माण्ड का जन्म होता है ।सृष्टि का आरंभ होता है । मस्तिष्क एक स्नायु तंत्र है लेकिन विचार हीन मस्तिष्क शब्द नहीं सृजित करता ।शब्द का आशय और चेतना वैचारिक मस्तिष्क ही करता है । यही ब्रह्माण्ड की उत्पन्न और कारक शक्ति है ।मस्तिष्क में उत्पन्न विचार कितने ही ब्रह्माण्ड रच सकती है ये रचे गये ब्रह्माण्ड ही निर्द्वन्द्व गतिशील रहते हैं ।मानव मस्तिष्क का कोई विकल्प नहीं है ।मानव मस्तिष्क की गति को संतुलित करने का , उन्हें थामने का काम शब्द ही करते हैं ।मस्तिष्क में उत्पन्न होते गतिवान विचारों को शब्द ही होते हैं थामने के लिए ।शब्द और विचार ही मनुष्य की पहचान है ।बिना विचार के मनुष्य का कोई अस्तित्व और अस्मिता नहीं होती । विचार और शब्द यदि अलग अलग रहें तो वह मृत आत्मा ,मृत चेतना ,मृत संवेदना का पर्याय हो जाते हैं वह एक जीवित लोक की संरचना नहीं करते । यदि शब्द और विचार एकाकार हो जाते हैं तो वे समाज में सर्जक के जन्म का हेतु होते हैं ।वह श्रीराम ,श्रीकृष्ण,वे महावीर ,वे गौतम बुध्द ,वे महात्मा गांधी के जन्मदाता होते हैं ।वे महापुरुषो के जन्मदाता बनते हैं अन्यथा संसार में बहुत से बकवादी और वक्ता हुए लेकिन कालजयी वैचारिक भाव सम्पदा उनके वक्तव्यों में नहीं रही वे सब केवल शब्द भर ही रहे और चेतना लोक का सृजन नहीं कर सके ।शब्द वहीं सार्थक हैं जिनमें गुलामी नहीं वरन स्वतंत्रता के स्पन्दन की चेतना की सांसें हर काल हर समय में जीवित रहे –ता उम्र ! उम्र के बाद भी –!!
विनीता रघुवंशी
