16
अपनी गुलेल
***********
सुर्ख पत्ते
निकल आये हैं पीपल में
फाख्ता ,कबूतर ,और चिड़ियों की
पुरानी गुठान पर
चह चहा उठे हैं — नए चेनुएं
अब ,चील और कौवों की
नुकीली चपेट में नहीं आने पायें —वे
इसीलिए कस रहा हूं
अपनी गुलेल ठीक से —-
इस वक्त – – –
( श्री प्रेमशंकर रघुवंशी जी के कविता संग्रह —- ” आकार लेती यात्राएं ” से उद्धृत )
संरक्षण के लिए उठे हाथ बहुत ही कीमती होते हैं ।ये हाथ ये तैयारी यदि बेजुबान मासूमों की रक्षा के लिए है तो वह मानवता का सबसे बड़ा पवित्र काम है ।यों तो इंसानी दुनिया में आदमी आज वर्तमान में आदमी को मारने पर उतारु है । वह सारी साजिश ,सारी प्रतिस्पर्धा ,सारी हौड़ , सारे व्यवसाय,सारे व्यापार के मूल में आदमी के खातमे पर नजर टिकाए हुए हैं ।वह जो भी हथियार बना रहा है ।उन सबका उद्देश्य दुनिया के नाश करने का ही है ।यदि कोई गुलेल मूक मासूमों की रक्षा के विचार से तैयार की जा रही है ।उनकी जान बचाने के लिए कोई मोर्चा रचा जा रहा है तो यह बहुत मूल्यवान विचार है और करुणा भरा है । यहां चील और कौवों की चोंच की चपेट से बचाने का जिक्र किया गया है ।सच में प्रकृति में भी जो जीव ,जो प्राणी ताकतवर होता है वह मासूमों पर हमला करता है । उन्हें अपनी क्षुधा शान्ति का साधन बनाता है । चील और कौवों का यह हिंसक संकेत भी मानव समुदाय की हिंसक गतिविधियों ,चालों ,कुचालों का खुलासा करता है । मानव समुदाय की सत्ता भी अपने हथियारों का उपयोग मासूमों ,मजलूमों का शिकार करने के लिए करती रही है ।आज बहुत से देश इस हथियारों की हौड़ की हिंसा के द्वारा तहस – नहस किये जा रहे हैं ।इस दौड़ और दौड़ ने बहुत सी स्त्रियों,बुजुर्गों,और बच्चों को दर – ब – दर और शरणार्थी बना दिया है । उनसे उनके रहने के घर , ठिकाने ,गुठान अर्थात देश छीन लिए हैं ।जो उन्हें उनके पुरखों से विरासत में मिले उन्हें ही प्राण लेवा हथियारों से उजाड़ दिया गया ।यह हद दर्जे की अमानवीयता आदमी ने ही आदमी के लिए रची ।अब जब संसार में इस तरह की चेतना का जागरण होगा कि उस वहशी सत्ता के नाश के लिए गुलेल ठीक से कसी जायेंगी । यह दुनिया को बचाने का बेहतर विचार हो सकता है ।यह बहुत ही करुणा भरा विचार है ।आज सत्ता की ताकत मासूमों के लिए मौत का कारण बनती जा रही है । वहां सत्ता के मद में डूबे मनुष्य की करुणा का स्पन्दन नष्ट हो जाता है ।वह सत्ता की शक्ति मदान्ध केवल अपने संरक्षण ,अपनी सत्ता को बनाए रखने के लिए मासूमों को नजर अंदाज करता है ।दुनिया के तमाम समझौते केवल ताकतवरों के बीच होते हैं , उन्हें बचाने की जुगत लगाई जाती है ,कोई एक विचार भी मासूमों को ,नई पीढ़ी को बचाने के लिए आवाज नहीं उठाई जाती ।जो इन हिंसक वृत्तियों से बिलकुल अलग – थलग हैं , जिन्हें राजनीतिक सत्ता , राजनीतिक अधिकारों का अहम,वहम, घमण्ड छू भी नहीं गया जब सत्ता का मद मजलूमों , मजबूरों , और मासूमों पर अपनी ताकत का इस्तेमाल करके उन्हें लाचार ,विवश ,बनाती है ।उस वक्त उनके संरक्षण का, उन्हें बचाने का विचार ,अहिंसा की चेतना का जागरण होना एक महत्वपूर्ण विचार है ।हथियारों का विकल्प ही तो है चोंच की चपेट ।चील और कौवों का जिक्र यहां वहशी सत्ता के प्रतीक स्वरुप ही आया है ।पीपल यहां देश का राष्ट्र का प्रतीक ही है ।गुमान वह परम्परा गत स्थान या देश है जहां की अवाम निर्वाक ,राजनीतिक हलकों की प्रतिस्पर्धा से बेखबर अपनी रोजी – रोटी की सामान्य जरुरतों और समस्याओं से जूझती रहती है ।जिसके जीवन संघर्ष मामूली और सामान्य होते हुए भी राजनीतिक पृष्ठभूमि से उठते संघर्षों की चपेट में सबसे पहले अवाम का यही हिस्सा आता है । सत्ता की बेवजह दिखाई जाती ताकत की हिंसा में मजलूम और मजलूम और परिश्रमी और मेहनत कश बन जाता है । इसलिए उनके रक्षार्थ गुलेल का कसा जाना हिंसा की खिलाफत ही है ।यह रक्षण के लिए की गई तैयारी है । यह विचार उस अमानवीय सत्ता के विरुध्द है जो हौड़ ,दौड़ ,और स्पर्धा में मासूम अवाम के हितों का ,जीवन का ख्याल नहीं रखती ।जब युध्द के बाद समझौते किये जाते हैं तब अवाम पर कोई विचार नहीं किया जाता , हमलों से , फसादों से , दंगों से जुड़ी अवाम की पीड़ा ,दुख ,कठिनाई सब अनसुनी और अनकही ही रह जाती है । इसलिए यदि कोई चेतना उनके लिए उपजती है तो यह चेतना करुणा और संवेदना के वैचारिक धरातल को पुष्ट ही करती है ।विश्व की सभी अमानवीय होती सत्ता के खिलाफ यह विचार जागना बेहद जरुरी है ।यह मानवीय वैचारिक बदलाव है जो विश्व सत्ता के द्वारा फैलाई जाती हिंसा का सामना करना चाहता है । यह खिलाफत की बहुत छोटी सी तैयारी है लेकिन एक बहुत बड़े वैचारिक फलक का रचाव करती है । वैचारिक जागृति ही वास्तविक उन्नति है अन्यथा नित नये वस्त्र ,आभूषण ,ढेरों छवियां और असीमित यात्राएं भी आदमी में कोई बदलाव नहीं ला सकती । मासूम हर समय अरक्षणीय हैं सत्ता के अहंकार के आगे ।चेतना का जागरण ही वास्तविक संघर्ष है ।
विनीता रघुवंशी
